KVS Admission 2025: केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) ने 2025 के लिए अपने एडमिशन को लेकर दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। देश भर में कुल 1,256 केंद्रीय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें वर्तमान में लगभग 13.5 लाख छात्र अध्ययनरत हैं और लगभग 56,810 शिक्षक और कर्मचारी कार्यरत हैं। केंद्रीय विद्यालय देश के सबसे प्रतिष्ठित सरकारी स्कूलों में से हैं, और उनमें एडमिशन आसान नहीं है।
केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन प्रक्रिया अन्य स्कूलों से अलग होती है। कक्षा 1 में लॉटरी सिस्टम के जरिए प्रवेश दिया जाता है जबकि कक्षा 2 से ऊपर की कक्षाओं में खाली सीटों के आधार पर प्राथमिकता और मेरिट के अनुसार एडमिशन होता है। KVS ने इसके लिए एक प्राथमिकता सूची निर्धारित की है। पहले स्थान पर केंद्रीय सरकार के ट्रांसफरेबल और नॉन-ट्रांसफरेबल कर्मचारियों के बच्चे आते हैं। दूसरे नंबर पर स्वायत्त निकायों या सार्वजनिक उपक्रमों (PSUs) में कार्यरत लोगों के बच्चे, फिर राज्य सरकार के कर्मचारियों के बच्चे, और अंत में निजी क्षेत्र या विदेशी नागरिकों के बच्चे (यदि सीटें बची हों)। इसके अतिरिक्त, सिंगल गर्ल चाइल्ड, SC/ST, OBC, EWS और दिव्यांग बच्चों के लिए आरक्षण का प्रावधान भी है।
KVS Admission 2025 एडमिशन प्रोसेस
एडमिशन की प्रक्रिया कक्षा के अनुसार अलग है। कक्षा 1 के लिए आवेदन पूरी तरह से ऑनलाइन हैं और मार्च और अप्रैल में शुरू होते हैं। लॉटरी चयन के बाद दस्तावेज़ सत्यापन और शुल्क भुगतान के बाद प्रवेश की पुष्टि की जाती है। कक्षा 2 से 8 तक प्रवेश ऑनलाइन है और अगर सीटें उपलब्ध हों तो प्राथमिकता क्रम के अनुसार दाखिला दिया जाता है। कक्षा 9 में प्रवेश के लिए लिखित परीक्षा ली जाती है जबकि कक्षा 11 में 10वीं के अंकों के आधार पर स्ट्रीम (साइंस, कॉमर्स, आर्ट्स) दी जाती है। कक्षा 10 और 12 में केवल ट्रांसफर और उपलब्ध सीटों के आधार पर एडमिशन दिया जाता है।
KVS Admission 2025 आयु सीमा
कक्षा 1 में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 6 वर्ष और अधिकतम 7 वर्ष है। यह गणना 31 मार्च तक की जाती है और 1 अप्रैल को जन्मे बच्चे भी पात्र हैं। अन्य कक्षाओं के लिए ऊपरी आयु सीमा धीरे-धीरे बढ़ती जाती है। विकलांग छात्रों को अधिकतम आयु सीमा से दो साल की छूट दी जाती है, जिसका निर्धारण स्कूल प्रिंसिपल द्वारा किया जाता है।
KVS Admission 2025 Fees
फीस की बात करें तो केंद्रीय विद्यालयों में पढ़ाई बेहद किफायती है। कक्षा 1 से 8 तक ट्यूशन फीस नहीं ली जाती है। कक्षा 9 और 10 में केवल लड़कों से 200 रुपये प्रतिमाह लिए जाते हैं, जबकि कक्षा 11 और 12 में साइंस स्ट्रीम के लिए 400 रुपये और अन्य स्ट्रीम के लिए 300 रुपये प्रतिमाह फीस तय की गई है। इसके अलावा विद्यालय विकास निधि (VVN) 500 रुपये प्रति माह तथा कंप्यूटर विषय लेने वाले छात्रों से 100 रुपये मासिक फीस ली जाती है। सिंगल गर्ल चाइल्ड, SC/ST, KVS कर्मचारियों के बच्चों और RTE श्रेणी में आने वाले छात्रों की ट्यूशन फीस माफ होती है। सभी फीस तिमाही आधार पर जमा की जाती है।
KVS में एडमिशन के लिए आवेदन करते समय सही और पूरे दस्तावेज़ देना अनिवार्य है। इनमें जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण, माता-पिता का सेवा प्रमाण पत्र और ट्रांसफर सर्टिफिकेट शामिल हैं। यदि कोई छात्र नियमित रूप से स्कूल नहीं आता या समय पर फीस जमा नहीं करता है तो उसका एडमिशन रद्द भी किया जा सकता है।